अन्तोन चेख़व
पुलिस का दारोगा ओचुमेलोव नया ओवरकोट पहने, बगल में एक बण्डल दबाये बाज़ार के चौक से गुज़र रहा था। उसके पीछे-पीछे लाल बालों वाला पुलिस का एक सिपाही हाथ में एक टोकरी लिये लपका चला आ रहा था। टोकरी जब्त की गई झड़गरियों से ऊपर तक भरी हुई थी। चारों ओर खामोशी। ... चौक में एक भी आदमी नहीं। ... भूखे लोगों की तरह दुकानों और शराबखानों के खुले हुए दरवाज़े ईश्वर की सृष्टि को उदासी भरी निगाहों से ताक रहे थे, यहां तक कि कोई भिखारी भी आसपास दिखायी नहीं देता था।
"अच्छा! तो तू काटेगा? शैतान कहीं का!" ओचुमेलोव के कानों में सहसा यह आवाज आयी, "पकड़ तो लो, छोकड़ों! जाने न पाये! अब तो काटना मना हो गया है! पकड़ लो! आ ... आह!"